छत्तीसगढ़

Accident In Chhattisgarh: ट्रक से भिड़ी बारातियों से भरी बस, एक की मौत 80 घायल

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में आए दिन सड़क हादसे हो रहे है। बुधवार सुबह फिर एक भीषण सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में 80 से अधिक ग्रामीण घायल हुए है। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं एक व्यक्ति की मौत हो गई। गिधौरी पुलिस मामले की जांच कर रही है।
 

बलौदाबाजार पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बरपाली के पास बाराती बस और ट्रक में जोरदार भिड़ंत हो गई। दोनों गाड़ियों के आपस में टकराने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बस में बैठे करीब 80 बारातियों को चोट आई है। हादसे में घायल हुए सभी लोगों को बिलाईगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गिधौरी, कसडोल समेत निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही गिधौरी पुलिस मौके पर पहुंची।  बताया जा रहा कि पचरी गांव से बारात कुर्रा रायपुर गए थे। तभी वापसी के दौरान यह हादसा हो गया। गिधौरी पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मृतक का नाम बसंत कुमार साहू बताया जा रहा।