छत्तीसगढ़

रेत के अवैध खनन और परिवहन पर सरकार सख्त... खनिज सचिव पी. दयानंद ने दिए कड़े निर्देश

रायपुर। छत्तीसगढ़ में खनन माफियाओं के बुलंद हौसले पर सरकार ने सख्ती दिखाई है। खनिज सचिव पी.दयानंद ने सभी जिले के कलेक्टरों की बैठक लेकर रेत के अवैध खनन और परिवहन पर सख्ती से कार्रवाई के लिए निर्देश दिये है। खनिज सचिव पी.दयानंद ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के प्रमुख जिलों के कलेक्टरों एवं खनिज अधिकारियों की बैठक ली । बैठक में प्रदेश में रेत के अवैध खनन और परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण लगाने और अवैध खनन एवं परिवहन में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही के निर्देश दिये है।

गौरतलब है कि बलरामपुर रेत माफियाओं ने पुलिस कांस्टेबल को ट्रेक्टर से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया था। इस घटना के बाद बालोद जिला में राजस्व टीम के सामने रेत माफियाओं ने मीडियाकर्मी पर जानलेवा हमला करते हुए मारपीट की है। प्रदेश में लगातार रेत के अवैध खनन और गुंडागर्दी के मामले सामने आने के बाद आज खनिज सचिव पी.दयानंद ने सख्त रूख दिखाया है। वीडियों कांफ्रेसिंग के जरिये पी.दयानंद ने प्रमुख जिलों के कलेक्टर और खनिज विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। सचिव ने कहा कि रेत के अवैध खनन व परिवहन को रोकने के लिए जिला स्तर पर गठित टास्क फोर्स के माध्यम से निरंतर निगरानी एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि खनिज राजस्व की हानि रोकना शासन की प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नही की जाएगी। सचिव पी.दयानंद ने निर्देशित किया कि स्वीकृत रेत खदानों का संचालन पर्यावरणीय स्वीकृति में निर्धारित अनुमेय मात्रा के अनुरूप विधिसम्मत रूप से किया जाए तथा खनिज राजस्व की समय पर वसूली सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वीकृत खदानों से ही रेत का खनन एवं परिवहन हो तथा किसी भी अवैध स्त्रोत से आपूर्ति के मामले के कड़ी कार्रवाई की जाए। बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि आगामी तीन माह में अधिकाधिक रेत खदानों को चिन्हांकित कर ई-नीलामी के माध्यम से आबंटन हेतु निविदा जारी की जाए।