वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध सागौन की 16 बल्लियां जब्त, आरोपी पर केस दर्ज
Raipur News: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में वन विभाग ने अवैध सागौन तस्करी के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। गौरेला रेंज के ग्राम बालधर में मुखबिर की सूचना पर छापेमारी कर वन विभाग ने 16 बड़ी सागौन की बल्लियां जब्त की हैं। यह कार्रवाई वन मंडलाधिकारी ग्रीष्मी चांद के नेतृत्व में की गई, जिसमें मिथलेश सूर्यवंशी के घर और बाड़ी से भारी मात्रा में अवैध सागौन लकड़ी बरामद हुई।
बता दें कि वन विभाग को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि बालधर गांव में अवैध रूप से सागौन की लकड़ी का भंडारण और तस्करी हो रही है। रविवार को मिली पुख्ता जानकारी के आधार पर वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापा मारा। तलाशी में 21 से 30 फीट लंबी सागौन की 16 बल्लियां बरामद की गईं, जिन्हें राष्ट्रीयकृत वनोपज के तहत जब्त कर लिया गया।
जब्त सागौन को मड़ना डिपो के काष्ठागार में सुरक्षित रखवाया गया है, और इसकी कीमत का आकलन किया जा रहा है। वन विभाग ने आरोपी मिथलेश सूर्यवंशी के खिलाफ वन अपराध प्रकरण दर्ज कर लिया है, और आगे की जांच जारी है। वन मंडलाधिकारी ग्रीष्मी चांद ने कहा, हम अवैध कटाई और वनोपज तस्करी पर कड़ी नजर रखे हुए हैं। ऐसी गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।