नक्सल अभियान का जिम्मा इन आठ आईपीएस अफसरों के जिम्मे... शासन के भेजा बस्तर
Raipur News: छत्तीसगढ़ शासन ने भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के आठ अधिकारियों का ट्रांसफर कर उन्हें नक्सल विरोधी मोर्चे पर तैनात किया है। जिन अफसरों का ट्रांसफर किया गया है वे साल 2021 बैच के अफसर हैं। अभी प्रदेश के अलग-अलग जिलों में सीएसपी के पद पर तैनात हैं। अब वे बस्तर के अलग-अलग जिलों में नक्सल विरोधी अभियान का मोर्चा संभालेंगे। इन अफसरों की ट्रांसफर लिस्ट भी जारी कर दी गई है।
सुकमा जिले में कोंटा के आकाश राव गिरेपुंजे की सोमवार को नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी में विस्फोट होने से शहादत हो गई थी। नक्सलियों से इसका बदला लेने के लिए सरकार बड़ी योजना बना रही है। 8 आईपीएस अफसरों का ट्रांसफर कर उन्हें नक्सल मोर्चे पर तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी आठ अधिकारी 2021 बैच के आईपीएस अफसर हैं और विभिन्न जिलों में नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) के पद पर तैनात थे। राज्य के गृह विभाग ने तबादले का आदेश जारी किया।
सरगुजा के सीएसपी रोहित कुमार शाह को सुकमा जिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) नक्सल विरोधी अभियान और जगदलपुर बस्तर जिला के सीएसपी उदित पुष्कर को दंतेवाड़ा जिले में एएसपी नक्सल विरोधी अभियान पदस्थ किया गया है। वहीं कोरबा के सीएसपी रवींद्र कुमार मीना और रायपुर के सीएसपी अमन कुमार रमन कुमार झा को बीजापुर जिले में एएसपी (नक्सल विरोधी अभियान) पदस्थ किया गया है।
आदेश के अनुसार जगदलपुर के सीएसपी आकाश श्रीमल को कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर में एएसपी (नक्सल विरोधी अभियान) पदस्थ किया गया है और रायपुर के सिविल लाइंस के सीएसपी अजय कुमार और बिलासपुर के सीएसपी अक्षय प्रमोद सबदरा को नारायणपुर जिले में एएसपी (नक्सल विरोधी अभियान) पदस्थ किया गया है। रायगढ़ जिले में सीएसपी आकाश कुमार शुक्ला को दुर्ग जिले के बघेरा में एएसपी नक्सल विरोधी अभियान विशेष कार्य बल (एसटीएफ) पदस्थ किया गया है।