इंदिरा गांधी के नाम पर होगा कांकेर मेडिकल कालेज, सीएम ने की घोषणा
रायपुर। कांकेर मेडिकल कालेज को अब इंदिरा गांधी शासकीय मेडिकल कालेज कांकेर के नाम से जाना जाएगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कांकेर जिले के भानुप्रतापुर में एक सामाजिक कार्यक्रम के दौरान कहीं। उन्होंने 14.47 करोड़ रुपये के 146 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया।
मुख्यमंत्री ने भानुप्रतापपुर स्थित खेल मैदान का नाम मनोज मंडावी के नाम पर रखने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व में सर्वप्रथम आदिम संस्कृति का उदय हुआ। राज्य सरकार आदिवासी संस्कृति और परंपरा को बचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
जिले में 2019 से अब तक 17 करोड़ 82 लाख रुपए की लागत से 518 देवगुड़ियों का निर्माण किया जा चुका है। इसी तरह 19 करोड़ 91 लाख रुपये की लागत से 173 घोटुल का निर्माण किया गया। बघेल ने कहा कि सेवा का अर्थ मानव समाज, संस्कृति और प्रकृति की सेवा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के बच्चों को आधुनिक शिक्षा प्रदान करने के लिए अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोलने की स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल योजना लागू की गई है। कांकेर जिले के किसानों ने पहली बार ऐतिहासिक 40 लाख क्विंटल धान बेचा। प्रदेश में पहले घरों के फर्श को गाय के गोबर से लेप किया जाता था, अब घरों की दीवारों को भी गोबर से बने प्राकृतिक रंग से रंगा जाएगा।