VIDEO NEWS : कांग्रेस विधायक बृहस्पति सिंह के खिलाफ... बैंककर्मियों ने खोला मोर्चा, हड़ताल की घोषणा... दो कर्मचारियों के साथ मारपीट का मामला
2023-04-05 01:32 PM
305
रामानुजगंज। छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज विधायक बृहस्पति सिंह के खिलाफ बैंककर्मियों ने मोर्चा खोल दिया है। बैंक के कर्मचारियों ने एक मत होकर दो दिवसीय हड़ताल की घोषणा कर दी है, वहीं विधायक के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल का भी ऐलान किया है।
दरअसल, छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज से कांग्रेस विधायक बृहस्पति सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर मंगलवार रात से वायरल हो रहा है। जिसमें विधायक बृहस्पति सिंह भीड़ के बीच बैंक कर्मचारी का कॉलर पकड़कर उस पर तमाचा जड़ते, फिर घूंसे मारते नजर आ रहे हैं। जिन 2 कर्मचारियों पर विधायक ने थप्पड़ जड़ा है, उनका नाम राजेश पाल और अरविंद सिंह बताया जा रहा है।
बैंक कर्मी से मारपीट करते विधायक बृहस्तपति सिंह pic.twitter.com/pWL7e81jcD
— maharashtra mandal (@maharashtraman5) April 5, 2023
बैंक कर्मचारी जिला सहकारी बैंक रामानुजगंज में पदस्थ हैं। बताया जा रहा है कि किसानों के भुगतान की बात पर विधायक भड़के थे। अब विधायक की करतूत पर लोग सवाल उठा रहे हैं। पूरी घटना 3 अप्रैल की बताई जा रही है। अब कर्मचारी विधायक बृहस्पति सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
इस घटना से गुस्साए बैंक कर्मियों ने हड़ताल का ऐलान कर दिया है। इस घटना के विरोध में अंबिकापुर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक कर्मचारी संघ के कर्मचारियों ने बैंक बंद रखने और सामूहिक छुट्टी लेकर हड़ताल कर दी है। 5-6 अप्रैल तक ये हड़ताल चलेगी। संगठन के अध्यक्ष आरके खरे ने कहा है कि सरकार की ओर से अगर विधायक पर कोई कार्रवाई नहीं की गई तो आगे कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।