छत्तीसगढ़

विष्णुदेव साय मंत्रिमंडल का जल्द होगा विस्तार, 3 नए चेहरों को मिलेगा मौका

रायपुर। छत्तीसगढ़ में विष्णु देव साय मंत्रिमंडल विस्तार की लंबे समय से चल रही खबरों के बीच आखिरकार तारीख सामने आ ही गई है। राजनीतिक जानकारों के अनुसार 21 अगस्त से पहले मंत्रिमंडल का विस्तार हो जाएगा, जिसमें तीन नए मंत्रियों को शामिल किया जाएगा। छत्तीसगढ़ के तीन संभागों रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग से एक एक मंत्री बनाए जाने की चर्चा है। मंत्रियों में एक सामान्य, एक ओबीसी और एक ST-SC वर्ग से बनाए जाएंगे। मंत्री बनने के लिए नेताओं में लॉबिंग भी चल रही है, लेकिन तीनों नाम दिल्ली दरबार से तय हो चुके हैं। सीएम विष्णुदेव साय ने मीडिया से चर्चा में कहा कि इंतजार करिए। जल्द ही विस्तार होगा।

बता दें कि अभी विष्णु देव साय सरकार में 10 मंत्री हैं। बृजमोहन अग्रवाल के सांसद बनने के बाद से एक मंत्री का पद खाली हुआ है। एक पद पहले से खाली रखा गया है, जिन्हें परफॉर्मेंस के आधार पर देना रखा गया था। वहीं हरियाणा की तर्ज पर एक मंत्री का पद बढ़ेगा। इस तरह तीन नए मंत्री मंत्रिमंडल में शामिल होंगे। राजनीतिक गलियारों में ऐसी चर्चा है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 22 अगस्त से विदेश दौरे पर जा रहे हैं। इसके पहले मंत्रिमंडल में विस्तार को लेकर भाजपा हाईकमान ने मंजूरी दे दी है। साय के विदेश दौरे से पहले मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा। इस बात का संकेत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हाल ही में दिल्ली यात्रा से वापस के बाद अपने बयान में दे दिया था। जब उन्होंने मीडिया से चर्चा में कहा था कि अब इंतजार खत्म होने वाला है। मंत्रिमंडल का विस्तार जल्द हो जाएगा, लेकिन मंत्री पद पाने आला नेताओं के दरबार में जुगाड़ की राजनीति भी चल रही है।

हरियाणा की विधानसभा में भी छत्तीसगढ़ की तरह 90 विधायक हैं। हरियाणा में बीजेपी सरकार में मुख्यमंत्री समेत 14 मंत्री हैं। लिहाजा, हरियाणा के फॉर्मूले को छत्तीसगढ़ में भी लागू करते हुए 3 और मंत्री बनाए जा सकते हैं, लेकिन छत्तीसगढ़ बनने के बाद से अब तक मुख्यमंत्री सहित 13 मंत्री ही बनते आ रहे हैं। नियमों के तहत विधायकों की संख्या के 15 प्रतिशत ही मंत्री बन सकते हैं, इस लिहाज से 90 विधायकों में 13.5 मंत्री बन सकते हैं। इसलिए मुख्यमंत्री समेत 14 मंत्री भी हो सकते हैं।