कांग्रेस विधायक ने माफी मांगने से किया इंकार... हड़ताल पर बैंक कर्मचारी... सरकार की बढ़ेगी परेशानी
2023-04-06 05:04 PM
254
छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज विधायक बृहस्पति सिंह ने भले ही आवेश में आकर बैंक कर्मी पर थप्पड़ जड़ दिया दिया था, पर अब मामला और ज्यादा गर्म हो गया है। थप्पड़कांड को लेकर बैंक कर्मियों ने फिलहाल दो दिनों के हड़ताल का ऐलान किया है, लेकिन विधायक ने यदि सार्वजनिक माफी नहीं मांगी या फिर विधायक के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, तो उग्र प्रदर्शन की चेतावनी भी बैंक कर्मियों ने दी है।
पूरा मामला 3 अप्रैल का बताया जा रहा है, जिसका वीडियो वायरल हुआ है। इस वीडियो में स्पष्ट नजर आ रहा है कि कांग्रेस विधायक एक शख्स पर लगातार थप्पड़ जड़ रहे हैं। सुरक्षाकर्मी रोकने का प्रयास भी कर रहे हैं, पर विधायक नहीं मानते हैं। विधायक ने एक नहीं, बल्कि दो कर्मचारियों को अपना शिकार बनाया था, जिसके बाद से सहकारी बैंक के कर्मचारियों में गुस्सा भड़का हुआ है।
इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का भी बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने विधायक बृहस्पति सिंह को किसानों से बात करने की बात कही है। इधर कांग्रेस के इस रवैये को लेकर जहां सहकारी बैंक के कर्मियों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है, तो दूसरी तरफ विपक्ष को सरकार के खिलाफ बड़ा मुद्दा मिल गया है, जिसे भाजपा किसी भी कीमत में नहीं छोड़ेगी।
सरकार के मुसीबत
प्रदेश में तमाम सरकारी योजनाएं सहकारी बैंक पर निर्भर है। किसानों से लेकर, गोपालकों, स्व—सहायता समूहों और मजदूरों के भुगतान का जरिया सहकारी बैंक ही है। ऐसे में यदि बैंक के कर्मचारी हड़ताल पर रहते हैं, तो भुगतान का काम बुरी तरह से प्रभावित होने का खतरा मंडरा रहा है।