राजधानी रायपुर के आलोक अराधे बनेंगे सुप्रीम कोर्ट के जज
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के लिए आज गर्व का क्षण है। रायपुर में जन्मे और सेंटपॉल स्कूल के विद्यार्थी रहे मुंबई हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस आलोक अराधे अब सुप्रीम कोर्ट के जज बनने जा रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट की कॉलेजियम ने उनकी नियुक्ति की सिफारिश कर दी है।
जस्टिस आलोक अराधे का बचपन रायपुर में बीता और स्कूली शिक्षा उन्होंने सेंटपॉल स्कूल से प्राप्त की। वे यहां रिटायर्ड हेड ऑफ फॉरेस्ट फोर्स राकेश चतुर्वेदी और कांग्रेस चिकित्सा प्रकोष्ठ के संयोजक डॉ. राकेश गुप्ता के जूनियर रहे हैं। डॉ. गुप्ता का कहना है कि यह केवल रायपुर ही नहीं, बल्कि सेंटपॉल स्कूल के लिए भी गर्व का क्षण है कि उनके एक विद्यार्थी सुप्रीम कोर्ट में न्यायाधीश के रूप में सेवाएं देने जा रहे हैं।
जस्टिस आलोक अराधे ने वकालत की शुरुआत जबलपुर हाईकोर्ट से की। इसके बाद वे कुछ समय बिलासपुर में भी प्रैक्टिस करते रहे। बाद में उन्हें मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में जज के रूप में नियुक्त किया गया। इसके बाद उन्होंने तेलंगाना हाईकोर्ट में न्यायाधीश के रूप में कार्य किया। वर्तमान में वे मुंबई हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस हैं। सुप्रीम कोर्ट के जज बनने की सिफारिश के साथ ही रायपुर के लोग और उनके पूर्व सहपाठी गौरव का अनुभव कर रहे हैं।