न्याय की गुहार लगाने थर्ड जेंडर पहुंची कलेक्टोरेट, परिसर में रख दिया अपने घर का सामान
रायपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में थर्ड जेंडर समाज ने न्याय मांगने का अनोखा तरीका अपनाया। उन्होंने अपने घर का पूरा सामान कलेक्टोरेट परिसर में शेड के नीचे जमा दिया। दरअसल कुछ युवकों ने मिलकर उनकी पिटाई कर दी। जिसके बाद मकान मालिक ने उन्हें घर से बाहर कर दिया। कोई किराए में कमरा देने को भी तैयार नहीं है। ऐसे में उन्होंने कलेक्टर से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए राहत दिलाने की मांग की है।
मामला जगदलपुर के बोधघाट थाना क्षेत्र का है। जगदलपुर के किन्नर समाज के अध्यक्ष रिया परिहार ने बताया कि शनिवार की रात एक युवक उनके किराए के घर के पास आकर कुत्ता टहला रहा था। देर रात तक वह वहीं पर जमा रहा। बाद में वह घर चला गया और उसके बाद वापस आया और दरवाजा खटखटाया. इस दौरान उनके बीच कहासुनी हुई।
वहीं रिया का कहना है कि वह जबरदस्ती कर रहा था। रिया समेत उसके शिष्यों ने भी विरोध किया, जिसके बाद युवक चला गया और कई अन्य युवकों को लेकर आ गया। उनका आरोप है कि इस दौरान युवकों ने लाठी, डंडों और दूसरे हथियारों से हमला किया है. इससे कई लोगों को चोट आई।
विवाद और मारपीट के बाद मकान मालिक ने भी उन्हें निकाल दिया। खुद मार खाने के बाद भी उनके साथ सहानुभूति रखने के बजाय उन्हें खदेड़ा गया है। ऐसे में उन्होंने कलेक्टर से न्याय की गुहार लगाई है. साथ ही कलेक्टोरेट परिसर में अपना सामान भी रख दिया है.