छत्तीसगढ़

बीजापुर के तारलागुड़ा में आठ जवानों की डेंगू रिपोर्ट पॉजिटिव, मचा हड़कंप

रायपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित जिला बीजापुर के भोपालपटनम ब्लॉक के तारलागुड़ा में पुलिस के आठ जवानों की डेंगू रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दरअसल गुरुवार को इनके सैंपल जगदलपुर मेडिकल कालेज भेजे गए थे। यहां से इनके डेंगू पीड़ित होने की पुष्टि हुई। जिसके बाद स्वास्थ्य अमले में हड़कंप मच गया।

शनिवार को पांच और रविवार को तीन पुलिस जवानों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। बताया जा रहा है कि कुछ दिनों पहले अस्पताल में इनकी जांच की गई थी। जांच रिपोर्ट पाजिटिव आने के बाद कैंप में हड़कंप मचा हुआ है।

रविवार को बीएमओ राजेन्द्र राय व बीपीएम देवेंद्र नेताम के निर्देश पर टीम गठित कर तारलागुड़ा रवाना किया गया था। तारलागुड़ा पुलिस कैंप में 76 जवानों का टेस्ट किया गया है। इनमें तीन जवान पॉजिटिव मिले हैं। सभी मरीजों को जिला अस्पताल रिफर किया गया है।