बिलासपुर रेलवे पुलिस को मिली बड़ी सफलता मिली हैं, जीआरपी ने ट्रेन यात्रियों के बैग और कीमती सामान चोरी करने वाले एक शातिर गैंग का भंडाफोड़ किया है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने 2 लाख 30 हजार रुपए की चोरी गई संपत्ति बरामद की है।
दरअसल, मामला 30 अक्टूबर का है जब प्रज्जवल शरण घाटगे, निवासी एनटीपीसी जमनीपाली टाउनशिप कोरबा, ने जीआरपी बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में सफर के दौरान उनके कोच बी-2 की बर्थ नंबर 21 से लैपटॉप, आईपैड, पासपोर्ट और अन्य दस्तावेज चोरी हो गए।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद जीआरपी की टीम ने जांच शुरू की। तकनीकी निगरानी और सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने गिरोह के दो मुख्य सदस्यों संजय दास महंत और संदीप दास को पकड़ लिया।
पुलिस पूछताछ में बड़ा खुलासा हुआ — ये आरोपी चांपा से बिलासपुर के बीच चलने वाली ट्रेनों में यात्रियों के बैग पर नजर रखते थे और मौका पाकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। चोरी का सामान वे आलोक कुमार प्रधान नामक युवक को बेचते थे, जो चोरी का माल खरीदने का काम करता था। पुलिस ने आलोक को भी गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपियों से 2 लाख 30 हजार रुपए की चोरी गई संपत्ति बरामद की है, जिसमें एप्पल कंपनी का लैपटॉप, आईपैड, चार मोबाइल फोन, पासपोर्ट, आधार कार्ड, बैंक पासबुक और पीठू बैग शामिल हैं।
रेल यात्रियों की सुरक्षा के लिए जीआरपी बिलासपुर की यह कार्रवाई बेहद सराहनीय मानी जा रही है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और चोरी के नेटवर्क की भी जांच में जुट गई है।