छत्तीसगढ़

बिलासपुर-झारसुगुड़ा चौथी रेल लाइन प्रगति पर: 155 किमी काम पूरा, सारागाँव-देवरी स्टेशन आधुनिक सुविधाओं के साथ अपग्रेड

बिलासपुर| दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे अधोसंरचना विकास में लगातार नई उपलब्धियाँ जोड़ रहा है। बिलासपुर–झारसुगुड़ा चौथी रेल लाइन परियोजना में तेज़ी से काम आगे बढ़ रहा है। 206 किलोमीटर की इस महत्वपूर्ण परियोजना में अब तक 155 किलोमीटर से अधिक कार्य पूरा कर लिया गया है।

सारागाँव देवरी स्टेशन को चौथी लाइन से जोड़ने का बड़ा चरण भी पूरा हुआ। प्री-एनआई और एनआई कार्य के दौरान दो पुराने टर्नआउट हटाकर चार नए टर्नआउट लगाए गए। साथ ही लगभग 1100 मीटर नई रेल लाइन बिछाकर एक अतिरिक्त लूप लाइन भी तैयार की गई, जिससे ट्रेनों का संचालन और अधिक सुगम हो सकेगा।

स्टेशन को आधुनिक तकनीक से अपग्रेड किया गया है—इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग सिस्टम, डुअल वीडीयू, कवच-रेडी इंटरफेस और पॉइंट हज़ार्ड सर्किट जैसी सुरक्षा सुविधाएँ स्थापित की गई हैं। ठंडी रातों में भी 300 से अधिक कर्मियों और इंजीनियरों ने लगातार मेहनत कर काम पूरा किया।इस परियोजना के पूरा होने से उत्तर और दक्षिण भारत के बीच ट्रेनों की आवाजाही और तेज़, सुरक्षित और निर्बाध हो जाएगी।