देश का नक्सलवाद के दंश से मुक्त होना, हमारी बड़ी उपलब्धि
भोपाल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर देश में 15 नवम्बर 2021 से मनाया जा रहा राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस अब एक राष्ट्रीय उत्सव बन चुका है। विगत साल जनजातीय गौरव दिवस पर देश में 2 लाख से अधिक कार्यक्रम हुए। साल दर साल इस दिवस को भारी उमंग के साथ मनाने की ललक बढ़ती ही जा रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस साल भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती हम दोगुने उत्साह से मना रहे हैं, क्योंकि साल भर में देश को दो बड़ी उपलब्धियां मिली है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हर मामले में वंचितों को विशेष वरीयता देना हमारी प्राथमिकता रही है। इस प्रथमिकता का प्रतिफल भी अब सामने आ रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में वर्ल्ड बैंक की एक रिपोर्ट आई। जिसमें कहा गया है कि बीते 12 सालों में सरकार के समर्पित प्रयासों से देश के 50 करोड़ से अधिक लोग ग़रीबी से बाहर निकल चुके हैं। दूसरा इसी साल 31 मार्च 2026 तक पूरा देश नक्सलवाद के दंश (माओवादी गतिविधियों) से पूर्णतः मुक्त हो गया है। यह दोनों ही उपलब्धियां हमें देश और जनता के विकास एवं समग्र कल्याण के लिए प्राण-प्रण से काम करने की नई ऊर्जा, नई उमंग देती है। प्रधानमंत्री मोदी रविवार को भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर देश के सभी राज्यों एवं केंद्र शासि
त प्रदेशों में मनाये गये राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रमों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से संबोधित कर रहे थे। प्रधानमंत्री ने बताया कि इस साल राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस पर देश भर में करीब 30 हजार करोड़ रुपए से अधिक की लागत के कई विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण किया गया है। उन्होंने कहा कि मातृभूमि की रक्षा और राष्ट्रीय अस्मिता के लिए अपना सब कुछ न्यौछावर कर देने वाले जनजातीय वीर नायकों को आज देश अपने स्वर्णिम इतिहास, अद्भुत विरासत और पूरी श्रद्धा और स्वदेशी स्वाभिमान के साथ गौरवपूर्वक याद कर रहा है। हमारी सरकार ने जनजातीय वीरों की स्मृति और उनके मान-सम्मान में कई बड़े कदम उठाये हैं। अब हम सब जनजातीय महानायकों के बलिदान से न केवल परिचित हो रहे हैं, वरन् उन्हें स्मरण भी कर रहे हैं। यह हमारी राष्ट्रीय चेतना में आये एक बड़े परिवर्तन का आरंभ है।
धार जिले के डही में हुए राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह में राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने धार जिलेवासियों को 1570 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाले 115 विकास कार्यों की सौगात दी। इसमें 1402 करोड़ रुपए के 8 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं 168.56 करोड़ रुपए के 107 कामों का भूमि-पूजन शामिल है। जनजातीय गौरव दिवस को और भी विशेष बनाते हुए राज्यपाल पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने डही माइक्रो सिंचाई उद्वहन परियोजनाS का लोकार्पण किया। कुल 1353.18 करोड़ रुपए की लागत से बनी इस सिंचाई परियोजना से धार और आलीराजपुर जिले के 126 गांवों की 47 हजार हेक्टेयर भूमि में नर्मदा जल से सिंचाई उपलब्ध होगी। इस परियोजना से करीब एक लाख किसानों को सिंचाई की स्थायी सुविधा का लाभ मिलेगा। समारोह में विभिन्न शासकीय योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ वितरित कर क्षेत्र के प्रतिभाशाली लोगों को सम्मानित भी किया गया। इससे पहले अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित करने के साथ भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण कर समारोह का विधिवत् शुभारंभ किया।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने अपने वर्चुअल संबोधन में कहा कि देश में जनजातीय नायकों की समृद्ध विरासत रही है। राधोजी भांगरे, भागोजी नाइक और वीर बाबूराव सेडमा जैसे वीरों की वीरगाथाएं हमारी धरती से जुड़ी हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर सभी जनजातीय नायकों को नमन करते हुए कहा कि एक समय भारत में कार्यक्रम और उत्सव विदेशी दृष्टिकोण से शुरू होते थे, लेकिन आज हम अपने राष्ट्रीय गौरव और विरासत को केंद्र में रखकर कार्य कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि आजादी के आंदोलन में छोटा नागपुर का कोल आंदोलन, संथाल क्रांति के माध्यम से जनजातीय समुदाय ने अपनी सशक्त एवं प्रभावी उपस्थिति दर्ज कराई। क्रांतिसूर्य टंट्या भील, रानी गाइदेलियो जैसे अनेक वीर-वीरांगनाओं ने अपने बलिदान से राष्ट्र को प्रेरणा दी। अल्लूरी सीताराम राजू और रानी दुर्गावती जैसे महान व्यक्तित्वों ने जनजातीय आंदोलन को ऊर्जा दी। इन सबके बीच भगवान बिरसा मुंडा का युवा अवस्था में आंदोलन करोड़ों भारतीयों के लिए प्रेरणा है। देश के अलग-अलग राज्यों में आज जनजातीय क्षेत्रों जुड़ी 170 से अधिक परियोजनाओं का लोकार्पण और 70 से अधिक का भूमि-पूजन किया गया है। इनमें जनजातीय संग्रहालय, शिक्षा और बुनियादी सेवा-सुविधाओं से जुड़े कई विकास कार्य शामिल हैं।