छत्तीसगढ़

सियासी वैतरणी पार करने... बस्तर में कांग्रेस का आज बड़ा दांव... सीएम बघेल के साथ होंगी प्रियंका... तो कांग्रेस के सभी दिग्गज होंगे शामिल

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ की सियासी कुंजी कहलाने वाले बस्तर में कांग्रेस सरकारी आयोजन के बहाने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए बड़ा दांव खेलने जा रही है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जहां सरकारी आयोजन 'भरोसे का सम्मेलन' के मुख्य अतिथि होंगे, तो वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा को विशिष्ट अतिथि के तौर पर मंचासीन किया जाएगा। इन दोनों के अलावा राज्य के तमाम मंत्री, कांग्रेस विधायक और दिग्गज नेता भी जगदलपुर के लाल बाग मैदान में नजर आने वाले हैं। 

इस सम्मेलन में 1 लाख से अधिक लोगों को जुटाने का लक्ष्य रखा है। खबर है कि, प्रियंका गांधी दिल्ली से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ सीधे जगदलपुर पहुंचेगी। प्रियंका के दौरे को लेकर PCC चीफ मोहन मरकाम और आबकारी मंत्री कवासी लखमा पूरी मॉनिटरिंग कर रहे हैं। कार्यक्रम में नगरीय निकाय मंत्री शिव डहरिया, शिक्षा मंत्री डॉ प्रेम साय सिंह टेकाम, उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल, समेत कैबिनेट के ज्यादातर मंत्री और पार्टी के कई बड़े नेता शामिल होंगे। बुधवार शाम से ही नेताओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया है।

प्रियंका गांधी जगदलपुर एयरपोर्ट से सिटी कोतवाली-कुम्हारपारा सड़क से होते हुए लाल बाग मैदान पहुंचेगीं। सुरक्षा को लेकर बस्तर में 3 हजार से अधिक जवानों की तैनाती की गई है। अन्य जिलों से भी जवानों को बुलाया गया है। IG समेत 6 से 7 IPS तैनात हैं। कार्यक्रम स्थल से बाहर सड़क तक तीन लेयर में सुरक्षा का इंतजाम किया गया है।

छत्तीसगढ़ में इस साल विधानसभा चुनाव होना है। कयास लगाए जा रहे हैं कि, उनके दौरे के बाद कांग्रेस पूरी तरह से चुनावी मूड में नजर आएगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं भी हिस्सा लेंगी। प्रियंका के दौरे को ऐतिहासिक बनाने के लिए कांग्रेस ने सभी तरह की तैयारी कर ली है।