छत्तीसगढ़

2026 ‘महतारी गौरव वर्ष घोषित... मातृशक्ति के सम्मान और सशक्तिकरण को समर्पित

रायपुर। राज्य की भाजपा सरकार ने अपना पहला वर्ष विश्वास वर्षके रूप में समर्पित किया था, जिसमें शासन और जनता के बीच विश्वास की पुनर्स्थापना का लक्ष्य सफलतापूर्वक प्राप्त हुआ। दूसरा वर्ष भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को समर्पित अटल निर्माण वर्षके रूप में मनाया गया। माताओं और बहनों के स्नेह, विश्वास और समर्थन से ही सरकार को जनसेवा की ऊर्जा प्राप्त होती है। इसी भाव से प्रेरित होकर राज्य सरकार ने आगामी वर्ष को महतारी गौरव वर्षके रूप में घोषित किया है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि महतारी गौरव वर्षके दौरान राज्य की सभी प्रमुख योजनाओं और कार्यक्रमों का केंद्रबिंदु माताएँ और बहनें होंगी। यह वर्ष न केवल मातृशक्ति के सम्मान का प्रतीक होगा, बल्कि उनके सशक्तिकरण, सुरक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन और सामाजिक गरिमा को नई ऊँचाई देने का संकल्प भी सिद्ध होगा।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि महतारी गौरव वर्ष के माध्यम से छत्तीसगढ़ में मातृशक्ति के नेतृत्व, सहभागिता और सम्मान का एक नया अध्याय लिखा जाएगा, जो विकसित और समरस छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव बनेगा। मुख्यमंत्री ने  प्रदेश के जांजगीर में जनादेश परबके अवसर पर आयोजित ऐतिहासिक जनसभा में उमड़े जनसमर्थन के लिए  प्रदेशवासियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री ने जनसभा में उपस्थित  केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रेरणास्पद उद्बोधन ने कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया है। उन्होंने कहा कि ऐसे मार्गदर्शक विचार छत्तीसगढ़ महतारी की सेवा के संकल्प को और अधिक दृढ़ बनाते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह विशाल सहभागिता लोकतंत्र में जनता के अटूट विश्वास और सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों की स्वीकृति का सशक्त प्रमाण है।