काजू समझकर रतनजोत खाने से 30 से ज्यादा बच्चे बीमार, जिला अस्पताल में भर्ती
2026-02-02 01:10 PM
155
धमतरी जिले के ग्राम बोरझरा में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब गांव के 30 से अधिक बच्चों ने खेलते-खेलते रतनजोत के बीज को काजू समझकर खा लिया। बीज खाने के कुछ ही समय बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी और उन्हें उल्टियां शुरू हो गईं।
घटना के समय गांव में रामायण कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान बच्चे खेलते हुए रतनजोत के बीज खा बैठे। बच्चों की हालत बिगड़ते देख परिजनों ने आनन-फानन में सभी को इलाज के लिए धमतरी जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तुरंत इलाज शुरू किया।
डॉक्टरों के अनुसार, सभी बच्चों की हालत फिलहाल स्थिर है और वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों को जहरीले पौधों और बीजों से दूर रखें, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।