रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के तमनार रेंज में 49 हाथियों का दल घूम रहा है। दो दलों में मौजूद हाथी पिछले 15 दिनों से अधिक समय से इलाके में हैं। शाम होते ही हाथी जंगल से निकलकर सड़क पर आ रहे हैं। बुधवार शाम सामारूमा-अमलीडीह के बीच हाथियों का दल सड़क पर पहुंच गया। एक हाथी सड़क पर ही बैठ गया, जबकि बाकी हाथी सड़क किनारे घूमते रहे। हाथियों के सड़क पर आने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और दोनों ओर से वाहनों को रोक दिया। वन अमला और हाथी मित्र दल की निगरानी में हाथी एक-एक कर सड़क पार करते रहे।
बताया जा रहा है कि हाथियों का यह दल पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से हर शाम सामारूमा रोड पर आ रहा है। शाम करीब 5 बजे के बाद हाथी एक जंगल से दूसरे जंगल की ओर जाते हैं। इस दौरान कुछ देर के लिए सड़क पर भी पहुंच जाते हैं। हाथियों के सड़क पर आने से रायगढ़-घरघोड़ा-धरमजयगढ़ मार्ग पर काफी देर तक यातायात प्रभावित होता है। हाथियों के जंगल की ओर जाने के बाद ही राहगीरों को सड़क से गुजरने दिया जाता है।
घरघोड़ा सबडिवीजन के SDO आशुतोष मंडावा ने बताया कि हाथियों के दल पर लगातार नजर रखी जा रही है। हाथियों के सड़क पार करने की जानकारी मिलने पर वन विभाग की टीम और हाथी मित्र दल के सदस्य दोनों ओर से वाहनों को रोक देते हैं, ताकि हाथी सुरक्षित सड़क पार कर सकें। उन्होंने बताया कि बुधवार को एक हाथी सड़क पर बैठ गया था। कुछ देर बाद पूरा दल वापस जंगल की ओर चला गया।