महोत्सव के पहले दिन हंसराज रघुवंशी के भक्ति रस में डूबा सिरपुर
2026-02-02 04:25 PM
13
महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद की ऐतिहासिक नगरी सिरपुर में आयोजित तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव के पहले दिन श्रद्धा, भक्ति और संगीत का अद्भुत संगम देखने को मिला।
महोत्सव के प्रथम दिवस प्रसिद्ध लोक-भक्ति गायक बाबा हंसराज रघुवंशी की भक्ति संध्या ने हजारों श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। मेरा भोला है भंडारी, लागी लगन शंकरा, शिव समा रहे मुझमें और राम सिया राम जैसे भजनों पर पूरा परिसर शिवमय हो उठा। दर्शक झूमते नजर आए और सिरपुर की धरती बोल बम के जयकारों से गूंज उठी।
लोक संस्कृति की छटा भी महोत्सव में देखने को मिली। सुनील तिवारी लोक कला मंच के रंग-झांझर कार्यक्रम, फुलझरिया कर्मा पार्टी के कर्मा नृत्य और छत्तीसगढ़ी लोक कला मंच की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को खूब प्रभावित किया। वहीं शास्त्रीय संगीत, कत्थक, ओडिसी नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
आज महोत्सव के दूसरे दिन इंडियन आइडल फेम कलाकार नितिन कुमार, नचिकेत लेले और वैशाली रायकवार की संगीतमय महफिल सजेगी। शाम चार बजे से विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ सिरपुर महोत्सव में उत्साह चरम पर रहेगा।