छत्तीसगढ़

रायपुर–बिलासपुर मार्ग के विद्यालयों में 1,498 विद्यार्थियों की नेत्र जांच

रायपुर। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और नेशनल हाईवे इन्फ्रा ट्रस्ट की संयुक्त पहल के तहत रायपुरबिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना मार्ग पर स्थित शासकीय विद्यालयों में नेत्र जांच शिविरों का आयोजन किया गया। इस सामाजिक एवं स्वास्थ्य जागरूकता अभियान के अंतर्गत कुल 1,498 छात्र-छात्राओं की आंखों की जांच की गई।

ये शिविर रायपुरबिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तरपोंगी, भोजपूरी एवं मुढ़ीपार टोल प्लाजा के समीप संचालित शासकीय विद्यालयों में लगाए गए, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा विद्यार्थियों की दृष्टि का गहन परीक्षण किया गया। जांच के दौरान 102 विद्यार्थियों में दृष्टि दोष की पहचान की गई, जिन्हें शीघ्र ही निःशुल्क चश्मे प्रदान किए जाएंगे।

इस अवसर पर रायपुर परियोजना निदेशक श्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण केवल राजमार्गों के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्रीय राजमार्गों के आसपास निवास करने वाले समुदायों के सामाजिक, स्वास्थ्य एवं समग्र कल्याण के प्रति भी पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल बच्चों के स्वास्थ्य संरक्षण और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

यह अभियान राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और नेशनल हाईवे इन्फ्रा ट्रस्ट की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है।