सुकमा जिले के धुरवारास गांव में शुक्रवार की रात 2 परिवारों के बीच आपसी विवाद के चलते मारपीट हुई। जिनमें कुछ लोगों के घायल होने की खबर है। गुस्से में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के 3 घरों में आग लगा दी। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर 4 लोगों को हिरासत में लिया है। मामला जिले के गादीरास थाना क्षेत्र का है।
बताया जा रहा है कि, मामला धर्म से जुड़ा हुआ है। नवजात बच्चे के दफनाए गए शव को निकालने को लेकर विवाद हुआ था। लाठी डंडे से हुई मारपीट में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पूरे मामले पर गांव के सरपंच का कहना है कि, यह धार्मिक मामला नहीं है।
घटना की खबर लगते ही शुक्रवार रात करीब 10 से 11 बजे के बीच मौके पर ASP, SDM, तहसीलदार, SDOP समेत थानेदार पहुंचे। जिन्होंने रात में ही आग लगे घरों पर काबू पाने की कोशिश की। इसके साथ घायलों को अस्पताल पहुंचाया है।
एक ही परिवार
धुरवारास के ग्रामीणों ने बताया कि, जिन परिवारों के बीच विवाद हुआ है सब एक ही परिवार से हैं। परिवार के कुछ सदस्यों ने ईसाई धर्म अपना लिया था। इसी के चलते विवाद हुआ है। बताया जा रहा है कि, गांव के सोड़ी सोमडा के 2 माह के नवजात बच्चे की मौत होने पर अंतिम संस्कार करके बच्चे को दफना दिया गया। लेकिन, परिवार के किसी अन्य सदस्य ने बच्चे को निकालने की कोशिश की थी। इसी के चलते गांव का माहौल खराब हुआ था।
विवाद में जला दिया तीन घर
2 दिन पहले विवाद इतना बढ़ा कि, बीजा सोढ़ी, हिड़मा सोढ़ी, और देवा सोढ़ी के घर में आग लगा दी। मारपीट में बीजा सोढ़ी के सिर और पैरों में चोटें आई हैं। सोढ़ी हिड़मा के परिवार के साथ भी मारपीट की गई है। ग्रामीणों ने बताया कि, यह तीन परिवार कुछ साल पहले धर्मांतरण किए थे। इसी वजह से परिवार के कुछ सदस्य इनसे नाराज थे।
हिरासत में 4 लोग
SDOP परमेश्वर तिलकवार ने बताया कि, गादीरास थाना क्षेत्र के धुरवारास में जिन दो पक्षों के बीच मारपीट हुई है वे लोग एक ही परिवार के हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। 4 आरोपी सोढ़ी कोसा,सोढ़ी सुला, सोढ़ी मंगडू और सोढ़ी सोमडा को हिरासत में ले लिया गया है।