पांच करोड़ का गांजा जब्त, गुप्त चैंबर वाले कंटेनर के साथ आरोपी गिरफ्तार
रायपुर। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 5 करोड़ रुपये कीमत का गांजा जब्त किया है। चिल्फी थाना पुलिस ने नागालैंड पासिंग एक कंटेनर को पकड़ा, जिसमें गुप्त चैंबर बनाकर मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही थी। जब्त कंटेनर की कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने कंटेनर की तलाशी के दौरान 30-30 किलो की 30 बोरियों में भरा करीब 9 क्विंटल यानी 900 किलो गांजा बरामद किया। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत करीब 5 करोड़ रुपये आंकी गई है। आरोपी आयाज खान, निवासी भरतपुर, राजस्थान को मौके से गिरफ्तार किया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी यह गांजा ओडिशा से राजस्थान ले जा रहा था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर तस्करी नेटवर्क के अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है। इस कार्रवाई को जिले में नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी चोट माना जा रहा है।