नवरात्रि के पहले दिन मां महामाया मंदिर रतनपुर में उमड़ा आस्था का सैलाब
रायपुर। धार्मिक नगरी रतनपुर, ऐतिहासिक नगरी और शक्तिपीठ मां महामाया मंदिर के पावन दरबार में आज चैत्र नवरात्रि के पहले दिन आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। मां महामाया के दर्शन के लिए सुबह से ही हजारों श्रद्धालु कतारों में नजर आए। सुबह शुभ मुहूर्त में घट स्थापना के साथ ही मां दुर्गा की पूजा-अर्चना शुरू हुई। मंदिर परिसर में शंख ध्वनि, घंटियों और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालु व्रत रखकर माता के दर्शन और पूजा में जुटे हैं।
नवरात्रि को लेकर मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया है। करीब 19 घंटे तक दर्शन की व्यवस्था की गई है। सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक मंदिर के पट खुले रहेंगे, वहीं सप्तमी पर पूरी रात दर्शन की सुविधा रहेगी। इस बार नवरात्रि खास संयोग में शुरू हुई है। 9 साल बाद तिथि क्षय के योग में नवरात्रि का आगाज हुआ है। सुबह 6:53 से 10:36 बजे तक घट स्थापना का शुभ मुहूर्त रहा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा की। मंदिर में 100 पंडितों द्वारा विशेष पूजा-अर्चना, यज्ञ, दुर्गा सप्तशती पाठ और देवी भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है।
हजारों की संख्या में मनोकामना ज्योति प्रज्वलित की जा रही है और श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की भी व्यवस्था की गई है। नवरात्रि के पहले दिन रतनपुर में आस्था और श्रद्धा का ऐसा संगम देखने को मिला, और आने वाले दिनों में यहां श्रद्धालुओं की भीड़ और बढ़ने की संभावना है। प्रशासन ने भी सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर विशेष इंतजाम किए हैं।