कबाड़ी गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक
रायपुर। बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र के चिंगराजपारा स्थित प्रभात चौक के पास एक कबाड़ी गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में गोदाम में रखा पूरा कबाड़ जलकर खाक हो गया। घनी आबादी के बीच आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। प्राथमिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
घटना सरकंडा थाना क्षेत्र के चिंगराजपारा स्थित प्रभात चौक के पास जायसवाल कबाड़ी के गोदाम की है, जहां अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया।घनी आबादी वाले इस इलाके में आग लगने से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक गोदाम में रखा अधिकांश सामान जलकर खाक हो चुका था।प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।