डोंगरगढ़ में नकली पानी फैक्ट्री का भंडाफोड़, 606 बोरी पाउच जब्त
रायपुर। धर्मनगरी डोंगरगढ़ में नकली पैकेज्ड पानी बनाने वाले एक अवैध कारखाने का भंडाफोड़ हुआ है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने ग्राम नागतराई में छापा मारकर ‘हाइड्रावेडॉ एक्वा’ नामक फैक्ट्री से बड़ी मात्रा में पानी के पाउच जब्त किए। जांच में सामने आया कि यह इकाई बिना किसी वैध लाइसेंस के संचालित हो रही थी।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी साधना चंद्राकर के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में यह भी पाया गया कि पानी के पाउच पर छपा निर्माता का पता गलत और भ्रामक था। इस तरह उपभोक्ताओं को गुमराह कर बाजार में अवैध तरीके से उत्पाद बेचे जा रहे थे। छापेमारी के दौरान टीम ने 200 मिलीलीटर के ‘खाद्य हिन्द’ ब्रांड के कुल 606 बोरी पानी पाउच बरामद किए। अधिकारियों के अनुसार बिना मानकों के तैयार किया गया यह पानी लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता है, जिससे संक्रमण और अन्य बीमारियों का जोखिम बढ़ जाता है।
जब्त किए गए पाउच के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद मामला न्यायालय में पेश किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि मिलावटी या संदिग्ध खाद्य सामग्री की जानकारी मिलने पर तुरंत खाद्य सुरक्षा विभाग की हेल्पलाइन 9340597097 पर शिकायत करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।