घर से निकले थे खेलने, तालाब में मिली दोनों बच्चों की लाश
रायपुर। प्रदेश के जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां लापता दो मासूम बच्चों के शव तालाब में तैरते हुए मिले हैं। इस घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी और शोक का माहौल है। मामला बिसबहरी गांव का है। मृतक बच्चों की पहचान गोल्डी टोप्पो (7 वर्ष) और अनीस टोप्पो (8 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों बच्चे शनिवार शाम से लापता थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर बगीचा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
पुलिस और परिजन बच्चों की खोज में जुटे हुए थे। इसी दौरान रविवार को गांव के पास स्थित एक तालाब में दोनों बच्चों के शव तैरते हुए मिले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकाला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे तालाब में नहाने गए थे, जहां यह हादसा हुआ। हालांकि, पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।