ठेकेदार ने बनाया अजूबा सड़क, सरकार की हो रही फजीहत
2026-05-17 02:05 PM
46
कवर्धा। पिपरिया में इन दिनों “अजूबा सड़क” चर्चा का विषय बनी हुई है। करोड़ों की लागत से बन रही सड़क के बीचों-बीच बिजली के खंभे खड़े हैं, लेकिन ठेकेदार ने खंभे हटाने का इंतजार किए बिना ही सड़क निर्माण कर दिया। हालत यह है कि कहीं सड़क के बीच बिजली का खंभा तो कहीं हैंडपंप नजर आ रहा है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। वहीं गुणवत्ता को लेकर भी स्थानीय लोग सवाल खड़े कर रहे हैं। दरअसल, करीब 5 करोड़ रुपये की लागत से पिपरिया से गांगपुर तक 3.80 किलोमीटर सड़क बनाई जा रही है, लेकिन निर्माण की गुणवत्ता पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क का लेवल सही नहीं है, जगह-जगह अपर-डिपर है और साइड शोल्डर अभी से धंसने लगे हैं।
जगह-जगह बिजली के खंभे और हैंडपंप को बिना शिफ्टिंग किए सड़क निर्माण करा दिया गया, जो बड़े हादसों को आमंत्रित कर रहा है। मामले में पीडब्ल्यूडी अधिकारियों का कहना है कि बिजली के खंभे हटाने के लिए विद्युत विभाग से अनुमति मांगी गई थी, जो देर से मिली। बाकी खंभों और हैंडपंप को जल्द शिफ्ट किया जाएगा। साथ ही अधिकारियों ने दावा किया है कि संतोषजनक काम नहीं होने तक ठेकेदार को भुगतान नहीं किया जाएगा।