छत्तीसगढ़

विधायक पुरंदर मिश्रा से भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नाम पर ठगी

रायपुर। राजधानी रायपुर में साइबर ठगों ने इस बार आम आदमी नहीं, बल्कि रायपुर उत्तर से भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा को अपना निशाना बनाया। ठगों ने भाजपा के वरिष्ठ और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नाम का इस्तेमाल कर विधायक से 10 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। मामले की शिकायत मिलने के बाद खम्हारडीह थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं क्राइम ब्रांच की साइबर टीम मोबाइल नंबर, बैंक खाते और ट्रांजेक्शन डिटेल खंगालने में जुटी हुई है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने विधायक पुरंदर मिश्रा को फोन कर खुद को भाजपा नेता नितिन नवीन का निजी सहायक बताया। उसने कहा कि वाहन में तत्काल डीजल डलवाने की जरूरत है और पैसों की तत्काल आवश्यकता है। राजनीतिक पहचान और भरोसे का फायदा उठाते हुए आरोपी ने विधायक को अपने झांसे में ले लिया।बताया जा रहा है कि आरोपी ने दो अलग-अलग किश्तों में रकम ट्रांसफर करवाई। पहले 4500 रुपए और बाद में 5500 रुपए खाते में डलवाए गए। विधायक ने अपने जगन्नाथ मंदिर के सेवक नारायण मिश्रा को रकम भेजने के निर्देश दिए थे, जिसके बाद बताए गए बैंक खाते में कुल 10 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए।

कुछ देर बाद आरोपी ने फिर से पैसों की मांग की। लगातार रकम मांगने और बातचीत में संदिग्धता महसूस होने पर मामले की पड़ताल की गई। जांच में पता चला कि फोन करने वाला व्यक्ति फर्जी तरीके से खुद को भाजपा नेता का पीए बताकर ठगी कर रहा था।इसके बाद नारायण मिश्रा ने खम्हारडीह थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस अब मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल, बैंक खाते की जानकारी और ट्रांजेक्शन ट्रेल की जांच कर रही है। साइबर एक्सपर्ट्स यह पता लगाने में जुटे हैं कि आरोपी किस लोकेशन से ऑपरेट कर रहा था और ठगी की रकम किस खाते में ट्रांसफर हुई। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।