छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम का मिजाज, कई जिलों में बारिश-आंधी और वज्रपात का अलर्ट

छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज से प्रदेशभर में मेघगर्जन और बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी।
 
कुछ इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। भारतीय मौसम विभाग की नाउकास्ट चेतावनी के मुताबिक सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना है। बीते 24 घंटों में दंतेवाड़ा के कुआकोंडा में सबसे ज्यादा 3 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि कोरबा और पेंड्रा रोड में 2-2 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड हुई।
 
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रा रोड सबसे ठंडा रहा। राजधानी रायपुर में भी आंशिक बादल, गरज-चमक, बारिश और अंधड़ के संकेत दिए गए हैं। मौसम विभाग ने किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह देते हुए कहा है कि खुले में रखी फसलें बारिश और तेज हवाओं से प्रभावित हो सकती हैं। लोगों से पेड़ों के नीचे खड़े न होने, जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने और बारिश के दौरान सावधानी से वाहन चलाने की अपील की गई है।