छत्तीसगढ़

रायपुर से ज्यादा ठंड दुर्ग में, आज और गिरेगा पारा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में हवा का आगमन उत्तर से होने के कारण बीते सप्ताह से प्रदेश के तापमान में काफी गिरावट आई है। सोमवार रात को न्यूनतम तापमान में गिरावट अपने चरम पर रहा। बीती रात रायपुर से ज्यादा ठंड दुर्ग में रही। वहीं प्रदेश के कई जिलों में पारा 10 डिग्री से नीचे रहा। वहीं मौसम विभाग का मानना है कि अभी एक दो दिन और मौसम ठंडा रह सकता है।

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि अब निम्न स्तर पर उत्तर से ठंडी हवाएं आ रही है। आने वाले दो दिनों तक इसके प्रभाव से न्यूनतम तापमान गिरेगा। सोमवार को रायपुर का न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस प्रकार अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री ज्यादा रहे। प्रदेश भर में दुर्ग में सर्वाधिक 32.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।  वहीं न्यूनतम तापमान 10 डिग्री दर्ज किया गया। साथ ही प्रदेश भर में एडब्लयूएस कवर्धा में सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।