“ब्रेकिंग एंड सिक्योरिंग एआई: एडवर्सेरियल अटैक्स, डीपफेक्स एंड हेल्थकेयर सिस्टम्स” विषय पर अंतरराष्ट्रीय कार्यशाला
रायपुर। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग द्वारा शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार की स्पार्क (स्कीम फॉर प्रमोशन ऑफ एकेडमिक एंड रिसर्च कोलैबोरेशन) योजना के अंतर्गत “ब्रेकिंग एंड सिक्योरिंग एआई: एडवर्सेरियल अटैक्स, डीपफेक्स एंड हेल्थकेयर सिस्टम्स” विषय पर केंद्रित पांच दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कार्यशाला का उद्घाटन 22 जून 2026 को किया गया। 22 से 26 जून 2026 तक आयोजित होने वाली यह कार्यशाला एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से जुड़े उभरते सुरक्षा खतरों, एडवर्सेरियल अटैक्स, डीपफेक तकनीकों तथा स्वास्थ्य सेवाओं में एआई के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग पर केंद्रित है।
उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि डीजीपी, छत्तीसगढ़ पुलिस, गुरजिंदर पाल सिंह रहे। कार्यक्रम में सम्माननीय अतिथि के रूप में नेशनल स्पार्क कोऑर्डिनेटर एवं प्रोफेसर, आईआईटी खड़गपुर, डॉ. रबीब्रत मुखर्जी तथा एनआईटी रायपुर के निदेशक प्रो. एन. वी. रमना राव उपस्थित रहे, जबकि सुनी पॉलिटेक्निक इंस्टीट्यूट, अमेरिका के प्रोफेसर डॉ. जाहिद अख्तर एवं नेशनल सन यात-सेन यूनिवर्सिटी (एनएसवाईएसयू), ताइवान के प्रोफेसर डॉ. अरिजीत कराती विशेष अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. दिलीप सिंह सिसोदिया ने की तथा कार्यशाला का समन्वयन प्रोफेसर डॉ. नरेश कुमार नागवानी एवं एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. प्रीति चंद्राकर द्वारा किया जा रहा है। उद्घाटन सत्र में संकाय सदस्यों, रिसर्च स्कॉलर्स, विद्यार्थियों तथा देश-विदेश से जुड़े प्रतिभागियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन, सरस्वती वंदना एवं पौधा भेंट के साथ हुआ। डॉ. प्रीति चंद्राकर ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की और सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया | उन्होंने बताया कि कार्यशाला में देश-विदेश से पंजीकृत लगभग 100 प्रतिभागी विशेषज्ञों के व्याख्यानों एवं तकनीकी सत्रों से लाभान्वित होंगे।
डॉ. दिलीप सिंह सिसोदिया ने अपने संबोधन में सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) आज जीवन के प्रत्येक क्षेत्र को प्रभावित कर रहा है। उन्होंने वर्तमान समय की जटिल चुनौतियों के समाधान हेतु एआई आधारित नवाचारों एवं अनुसंधान की आवश्यकता पर बल दिया तथा इस दिशा में कार्यशाला को एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
गुरजिंदर पाल सिंह ने अपने उद्बोधन में एआई के तीव्र विकास और उससे जुड़ी चुनौतियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने डीपफेक, एडवर्सेरियल अटैक्स तथा साइबर अपराधों के बदलते स्वरूप का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान समय में केवल तकनीकी प्रगति ही नहीं, बल्कि विश्वसनीय एवं सुरक्षित प्रणालियों का विकास भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं सहित विभिन्न महत्वपूर्ण क्षेत्रों में एआई के बढ़ते उपयोग के साथ उसके परिणामों का परीक्षण एवं सत्यापन भी अनिवार्य है। उन्होंने एआई आधारित प्रणालियों में पारदर्शिता, सुरक्षा एवं विश्वास सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि बुद्धिमत्ता के साथ विश्वसनीयता का समावेश भी आवश्यक है।
डॉ. रबीब्रत मुखर्जी ने अपने संबोधन में एनआईटी रायपुर द्वारा स्पार्क योजना के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों एवं अनुसंधान गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्पार्क केवल एक अनुसंधान कार्यक्रम नहीं, बल्कि शोध एवं अकादमिक सहयोग को बढ़ावा देने वाला एक महत्वपूर्ण मंच है, जो भारतीय संस्थानों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शोध एवं ज्ञान के आदान-प्रदान के अवसर प्रदान करता है।