छत्तीसगढ़

BREAKING NEWS : दंतेवाड़ा में गरजे सीएम डॉ. बघेल... कहा जवानों की शहादत बेकार नहीं जाएगी... नक्सलियों को बड़ी कीमत चुकानी होगी

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. भूपेश बघेल अपना कर्नाटक दौरा स्थगित कर गुरुवार सुबह दंतेवाड़ा पहुंचे। सीएम ने पहुंचते ही अरनपुर नक्सल हमले में शहीद जवानों को पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी, इसके बाद उनके पार्थिव देह को कांधा देकर उनके गृहग्रामों के लिए रवाना किया। इसके मुख्यमंत्री डॉ. बघेल ने कहा कि जो जवान शहीद हुए, उन्होंने बहादुरी का परिचय देते हुए माओवादियों का सामना किया, लेकिन एंबुश में फंसने की वजह से 10 जवान बलिदान हो गए।

मुख्यमंत्री ने माओवादियों की इस करतूत पर कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के साथ जंग अंतिम पड़ाव पर आ चुका है। उन्होंने सुरक्षा बल के जवानों पर इस तरह से हमलाकर अपनी चुनौतियों को बढ़ाया है। सीएम डॉ. बघेल ने कहा कि डीआरजी के 10 जवानों ने अपना बलिदान दिया है, जो व्यर्थ नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि इसकी कीमत माओवादियों को चुकानी होगी। 
 

सीएम डॉ. बघेल ने कहा कि मुझे गर्व है कि हमारे जवान लड़ते हुए शहीद हुए। इस घटना से हमारे मनोबल पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा, बल्कि हमारे जवान उनका डटकर सामना करेंगे और इसका बदला लेंगे। 
 

बता दें कि बुधवार को दंतेवाड़ा के अरनपुर थाना क्षेत्र में माओवादियों ने घात लगाकर डीआरजी के जवानों की गाड़ी पर निशाना साधा था। इस हमले में 10 जवान शहीद हो गए थे और वाहन चालक की मौत हो गई थी। जिसके चलते आज मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दंतेवाड़ा पहुंचे हुए हैं।