दंतेवाड़ा नक्सल हमले के बाद आया वायरल वीडियो... काफिले में थी तीन गाड़ियां... आईईडी ब्लास्ट के बाद जवानों ने नक्सलियों पर बरसाईं गोलियां
2023-04-27 03:02 PM 375
दंतेवाड़ा। दंतेवाड़ा के अरनपुर नक्सल हमले में डीआरजी के 10 जवानों की शहादत के बाद एक वीडियो वायरल हो रहा है। कहा जा रहा है कि यह वीडियो दूसरे वाहन के चालक ने बनाई है। हालांकि इससे पहले ही माओवादियों ने सामने चल रही डीआरजी जवानों की एक गाड़ी पर निशाना साध लिया था, उसके बाद पीछे चल रही गाड़ी के जवानों ने तत्काल मोर्चा संभाला और माओवादियों पर ताबड़तोड़ गोलियों की बौछार कर दी।
सामने आ रही जानकारी के मुताबिक काफिले में तीन गाड़ियां थी। सबसे पहले एक स्कार्पियों चल रही थी, लेकिन उसके चालक ने घटनास्थल से कुछ दूर पहले ही अपनी गाड़ी को तम्बाकू खाने के लिए रोकी थी। इसी दौरान पीछे चल रही टेम्पो ट्रेवलर के चालक धनीराम साहू ने ओवरटेक किया और आगे बढ़ गया। अभी उसकी गाड़ी कुछ मीटर ही आगे गई थी कि एक जोर का धमाका हुआ और चारों तरफ धूल और धुंआ नजर आया।
#WATCH छत्तीसगढ़ में दंतेवाड़ा नक्सली हमले के बाद का वायरल वीडियो सामने आया है।
स्कार्पियो में सवार जवानों को समझ में आ गया था कि नक्सलियों ने हमला कर दिया है, इसके बाद वे तत्काल मोर्चे पर तैनात हुए और माओवादियों पर गोलियों की बौछार शुरु कर दी। जवानों के जवाबी हमले के बाद माओवादी मौके से भाग निकले, तब जवानों ने देखा कि जहां पर ब्लास्ट हुआ है, वहां उनके साथी जवानों की लाशें क्षत—विक्षत हाल में पड़ी हैं। हमले वाली जगह पर बड़ा सा गड्ढा हो गया है। जिसके बाद सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई थी।
हालांकि जो वीडियो वायरल हुआ है, उसकी प्रमाणिकता सामने नहीं आई है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि उस वीडियो को पीछे आ रही स्कार्पियो के ड्रायवर ने अपने मोबाइल पर कैद किया था, जिसे वायरल किया गया है।