दुर्ग निवासी शेख समी उर रहमान बनें एसईसीआर के नये मुख्य जनसंपर्क अधिकारी
रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर के नए मुख्य जनसंपर्क अधिकारी के रूप में भारतीय रेलवे यातायात सेवा (IRTS) के 2015 बैच के अधिकारी शेख समी उर रहमान ने सोमवार को पदभार ग्रहण किया। उन्होंने यह जिम्मेदारी डॉ. सुस्कर विपुल विलासराव से संभाली, जिनका तबादला रायपुर रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक के पद पर हुआ है।
मूल रूप से छत्तीसगढ़ के दुर्ग निवासी शेख समी उर रहमान इससे पहले पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे। अपने रेलवे करियर में उन्होंने सहायक परिचालन प्रबंधक, मंडल परिचालन प्रबंधक और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा अधिकारी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी सेवाएं दी हैं।
यात्री सुविधाओं के विस्तार और गैर-किराया राजस्व बढ़ाने के लिए किए गए नवाचारों के चलते उनके नेतृत्व में वाराणसी मंडल ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं। उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें वर्ष 2024 में भारतीय रेल के “अति विशिष्ट सेवा पुरस्कार” से भी सम्मानित किया जा चुका है।
एनआईटी रायपुर से सूचना प्रौद्योगिकी में बीटेक करने वाले शेख समी उर रहमान का चयन यूपीएससी के माध्यम से भारतीय रेलवे यातायात सेवा में हुआ था। अब दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में मुख्य जनसंपर्क अधिकारी के रूप में उनसे जनसंपर्क व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की उम्मीद की जा रही है।