छत्तीसगढ़ में 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट, 5 ट्रेनें रद्द, महिला की मौत
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून फिर एक्टिव हो गया है। बंगाल, झारखंड और ओडिशा में बने लो प्रेशर एरिया से प्रदेश में लगातार नमी पहुंच रही है। इसी वजह से पिछले 24 घंटे में मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में जोरदार बारिश हुई। राजधानी रायपुर में सुबह से आसमान पर भारी बादल छाए हुआ है। शनिवार सुबह से बूंदाबंदी हो रही है।
मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक मध्य और उत्तर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। रायपुर में आज (शनिवार) दिनभर बादल छाए रहेंगे। बीच-बीच में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश का दौर बना रहेगा। कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना है। जिन जिलों में पहले से अच्छी बारिश हो चुकी है, वहां निचले इलाकों में जलभराव, छोटे नदी-नालों में उफान और सड़कों पर आवाजाही में दिक्कत आ सकती है। लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है।
पिछले दो दिनों में बारिश का सबसे ज्यादा असर बिलासपुर में देखने को मिला। यहां 20 साल बाद बाढ़ जैसे हालात बने हैं। लगातार बारिश से नेशनल हाईवे-49 पर कई जगह 4 से 5 फीट तक पानी भर गया, जिससे इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद हो गया। सरकंडा के लिंगियाडीह में तेज बहाव में बहने से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। बाद में उसका शव झाड़ियों में मिला। कोटमीसोनार में लीलागर नदी के पुल के ऊपर से पानी बहने के कारण इस रास्ते को भी एहतियातन बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है। रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से 5 मेमू ट्रेनें रद्द कर दी गईं, जबकि 3 ट्रेनों के रूट बदल दिए गए।