छत्तीसगढ़

प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के तहत भिलाई इस्पात संयंत्र में 40 प्रशिक्षुओं का औद्योगिक प्रशिक्षण शुरू

रायपुर। प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना (पीएमआईएस) के अंतर्गत चयनित 40 प्रशिक्षुओं के लिए स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) में मानव संसाधन–ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग द्वारा जुलाई माह में ओरिएंटेशन एवं औद्योगिक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षुओं को औद्योगिक कार्यप्रणाली, संगठनात्मक कार्य संस्कृति तथा इस्पात उद्योग की उत्पादन प्रक्रियाओं का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ दो दिवसीय ओरिएंटेशन सत्र से हुआ, जिसमें प्रशिक्षुओं को भिलाई इस्पात संयंत्र की कार्यप्रणाली, एकीकृत इस्पात संयंत्र की उत्पादन प्रक्रिया, औद्योगिक सुरक्षा मानकों, कार्यस्थल अनुशासन तथा संगठनात्मक संस्कृति की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके बाद दो दिवसीय संयंत्र भ्रमण के दौरान प्रशिक्षुओं ने प्रमुख उत्पादन इकाइयों का अवलोकन किया और आधुनिक इस्पात उत्पादन प्रणालियों तथा औद्योगिक प्रक्रियाओं को निकट से समझा।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार द्वारा प्रारंभ की गई प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना का उद्देश्य युवाओं को औपचारिक शिक्षा के साथ उद्योगों में व्यावहारिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराना, शिक्षा और उद्योग के बीच की दूरी को कम करना तथा उनकी रोजगार क्षमता को सुदृढ़ बनाना है। यह योजना युवाओं को भविष्य की औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष बनाकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम महाप्रबंधक प्रभारी (मानव संसाधन–ज्ञानार्जन एवं विकास) संजीव कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के समन्वय में उप प्रबंधक (मानव संसाधन–ज्ञानार्जन एवं विकास) सुष्मिता पाटला, सेक्शन अधिकारी (मानव संसाधन–ज्ञानार्जन एवं विकास) स्वतंत्र कुमार तथा टेक्निकल एसोसिएट (मानव संसाधन–ज्ञानार्जन एवं विकास) मनीष कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।