छत्तीसगढ़

वन विभाग का बड़ा एक्शन….11 जीवित कछुओं के साथ तस्कर गिरफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के पखांजूर में वन विभाग ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 जीवित कछुओं के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। उड़नदस्ता दल ने ग्राम पीवी-124 बाजार में छापेमारी कर आरोपी दीपांकर राय को कछुओं की अवैध बिक्री करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।

कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से 11 जीवित कछुए बरामद किए गए, जिनका कुल वजन करीब 7 किलो 10 ग्राम है। वन विभाग ने सभी कछुओं को सुरक्षित कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की और उनके संरक्षण की कार्रवाई शुरू कर दी।

आरोपी के खिलाफ वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वन विभाग का कहना है कि वन्यजीवों की तस्करी और अवैध व्यापार के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।