उफनती पैरी में फंसी तीन जिंदगियां, दो घंटे तक रेस्क्यू के बाद निकाला सुरक्षित
रायपुर। प्रदेश के गरियाबंद जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण पैरी नदी उफान पर है। बुधवार को पाथर मोहदा भिलाई के पास नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से तीन लोग बीच धारा में फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद तीनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार, दो पुरुष और एक महिला नदी किनारे फ़ाम हाउस पर खेती किसानी का कार्य करने गए थे। इसी दौरान पहाड़ी क्षेत्रों और सिकासार जलाशय से पानी छोड़े जाने के कारण नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया और वे बीच में फंस गए। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
एसडीआरएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने सुरक्षा उपकरणों और रस्सियों की मदद से तेज बहाव के बीच अभियान चलाया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद तीनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रशासन ने लगातार हो रही बारिश को देखते हुए लोगों से नदी-नालों के किनारे नहीं जाने और उफनती धाराओं को पार करने का प्रयास नहीं करने की अपील की है। साथ ही नदी किनारे रहने वाले लोगों से मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करने को कहा गया है।