छत्तीसगढ़

पॉलीटेक्निक महासमुंद में सिविल, मैकेनिकल समेत चार शाखाओं में प्रवेश शुरू

महासमुंद। तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देख रहे विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। शासकीय पॉलीटेक्निक महासमुंद में डिप्लोमा इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए चतुर्थ चरण की संस्था स्तरीय काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 8 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन पंजीयन कर प्रवेश प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं। संस्था स्तर की काउंसलिंग 13 अगस्त 2026 को आयोजित की जाएगी। शासकीय पॉलीटेक्निक महासमुंद के प्राचार्य ने बताया कि इस चरण में सिविल इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग तथा कम्प्यूटर साइंस इंजीनियरिंग शाखाओं में रिक्त सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। जिन विद्यार्थियों ने प्री-पॉलिटेक्निक टेस्ट (PPT) परीक्षा उत्तीर्ण की है, वे प्रवेश के लिए पात्र हैं। इसके अलावा डिप्लोमा इंजीनियरिंग में लेटरल एंट्री के माध्यम से सीधे द्वितीय वर्ष में प्रवेश लेने के इच्छुक अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं।

प्राचार्य ने जानकारी दी कि सभी पात्र अभ्यर्थियों को संचालनालय तकनीकी शिक्षा, रायपुर की आधिकारिक वेबसाइट www.cgdte.admissions.nic.in पर जाकर 8 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन पंजीयन करना होगा। पंजीयन के साथ ही अभ्यर्थियों को अपनी पसंद के संस्थान और शाखा का विकल्प भी भरना अनिवार्य होगा। निर्धारित समय सीमा के बाद किसी भी प्रकार का नया पंजीयन स्वीकार नहीं किया जाएगा। संचालनालय तकनीकी शिक्षा, रायपुर द्वारा जारी मेरिट सूची के आधार पर संस्था स्तर पर सीटों का आबंटन किया जाएगा। इसके लिए सभी अभ्यर्थियों को 13 अगस्त 2026 को सुबह 10 बजे शासकीय पॉलीटेक्निक महासमुंद में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना होगा। प्रवेश प्रक्रिया के दौरान सभी मूल दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा, इसलिए अभ्यर्थियों को अपने सभी आवश्यक मूल प्रमाण पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।
 

कॉलेज प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई अभ्यर्थी निर्धारित तिथि और समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित नहीं होता है, तो वह संस्था स्तरीय काउंसलिंग के लाभ से वंचित हो सकता है। इसलिए विद्यार्थियों को समय पर पहुंचने और सभी औपचारिकताएं पूरी करने की सलाह दी गई है। पॉलीटेक्निक संस्थानों में डिप्लोमा इंजीनियरिंग पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को तकनीकी ज्ञान और व्यावहारिक कौशल प्रदान करते हैं। इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से छात्र सरकारी और निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही डिप्लोमा पूरा करने के बाद उच्च तकनीकी शिक्षा के लिए भी कई विकल्प उपलब्ध रहते हैं। यही कारण है कि हर वर्ष बड़ी संख्या में छात्र इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेते हैं। प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी या तकनीकी सहायता के लिए अभ्यर्थी प्रवेश अधिकारी श्री हेमंत कुमार वर्मा, व्याख्याता (भौतिकी) से मोबाइल नंबर 91310-02858 पर संपर्क कर सकते हैं। कॉलेज प्रशासन ने सभी पात्र विद्यार्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते ऑनलाइन पंजीयन कर अपनी पसंदीदा शाखा में प्रवेश का अवसर सुनिश्चित करें।