छत्तीसगढ़

रविवि के प्रोफेसर डॉ. राजीव चौधरी को मिलेगा राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार–2026... राष्ट्रपति प्रदान करेंगी सम्मान

रायपुर। पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर के शारीरिक शिक्षा विभाग के प्रोफेसर प्रो. (डॉ.) राजीव चौधरी को भारत सरकार द्वारा वर्ष 2026 के राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय एवं पत्र सूचना कार्यालय द्वारा जारी आधिकारिक सूची में प्रो. चौधरी का नाम देशभर से चयनित 21 उत्कृष्ट शिक्षकों/संकाय सदस्यों में शामिल किया गया है। आधिकारिक सूची में उन्हें शारीरिक शिक्षा एवं योग शिक्षा के क्षेत्र में चयनित किया गया है। यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान 5 सितंबर 2026, शिक्षक दिवस के अवसर पर नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में भारत की माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु द्वारा प्रदान किया जाएगा।

प्रो. (डॉ.) राजीव चौधरी उच्च शिक्षा, शारीरिक शिक्षा, योग, अनुसंधान एवं नवाचार के क्षेत्र में लंबे समय से उल्लेखनीय अकादमिक एवं सामाजिक योगदान दे रहे हैं। उन्होंने शिक्षण को केवल कक्षा तक सीमित न रखते हुए अनुसंधान, नवाचार, योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता, खेल विकास, विद्यार्थी कल्याण तथा समाजोपयोगी गतिविधियों से जोड़ा है।

उनकी शैक्षणिक एवं शोध उपलब्धियों में अनेक शोध-पत्रों एवं पुस्तकों का प्रकाशन, शोधार्थियों का मार्गदर्शन, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अकादमिक सहभागिता तथा शारीरिक शिक्षा एवं योग के क्षेत्र में नवीन शोध एवं प्रयोग प्रमुख हैं। उनके कार्यों में शिक्षण-अधिगम की प्रभावशीलता, जनसंपर्क एवं विस्तार गतिविधियां, अनुसंधान एवं नवाचार तथा प्रायोजित शोध, संकाय विकास एवं परामर्शात्मक शिक्षण जैसे महत्वपूर्ण आयामों का उल्लेखनीय समावेश रहा है।

प्रो. चौधरी पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में विभिन्न महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं अकादमिक दायित्वों का निर्वहन भी कर चुके हैं। विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं शिक्षकों के बीच उनकी पहचान एक समर्पित शिक्षक, शोधकर्ता, खेल एवं योग विशेषज्ञ तथा अकादमिक नेतृत्वकर्ता के रूप में रही है।

इस राष्ट्रीय सम्मान के लिए चयन पर पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति, कुलसचिव, विश्वविद्यालय परिवार, सहकर्मियों, विद्यार्थियों एवं शुभचिंतकों ने प्रो. (डॉ.) राजीव चौधरी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। विश्वविद्यालय परिवार ने इसे पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय बताया है।

प्रो. चौधरी ने इस उपलब्धि के लिए भारत सरकार, शिक्षा मंत्रालय, चयन समिति, पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के नेतृत्व एवं समस्त सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए व्यक्तिगत उपलब्धि के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की उच्च शिक्षा, शारीरिक शिक्षा एवं योग शिक्षा के लिए भी गौरव का क्षण है। उन्होंने इस सम्मान को अपने विद्यार्थियों, शोधार्थियों, सहकर्मियों, परिवार एवं उन सभी शुभचिंतकों को समर्पित किया, जिनके निरंतर सहयोग और आशीर्वाद से उन्हें शिक्षा एवं समाज की सेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार–2026 के अंतर्गत उच्च शिक्षण संस्थानों एवं पॉलिटेक्निक संस्थानों से कुल 21 उत्कृष्ट शिक्षकों/संकाय सदस्यों का चयन किया गया है।