छत्तीसगढ़

प्रदेश के बलरामपुर, कोरिया और सूरजपुर में भारी बारिश के चेतावनी... अन्य जिलों में भी अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले एक सप्ताह से लगातार हो रही बारिश के बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के बलरामपुर, कोरिया और सूरजपुर जिले में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। यह बारिश अगले 24 से 48 घंटों के बीच हो सकती है। वहीं प्रदेश के 20 अन्य जिलों को लेकर भी मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।

मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर ने 31 अगस्त को दोपहर से अगले 24 से 48 घंटों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग के मुताबिक बलरामपुर, कोरिया और सूरजपुर जिलों में एक-दो स्थानों पर बहुत भारी से सीमांत भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं बिलासपुर और मुंगेली में भी एक-दो स्थानों पर बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट है। अगले 24 घंटे में बलौदाबाजार, बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, जांजगीर-चांपा, जशपुर, कोरबा, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, मुंगेली, रायगढ़, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और सरगुजा में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।

वहीं महासमुंद और रायपुर में भी एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। अगले 48 घंटों में बारिश का दायरा और बढ़ सकता है। बलौदाबाजार, बलरामपुर, बेमेतरा, दुर्ग, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, जांजगीर-चांपा, जशपुर, कबीरधाम, कोरबा, कोरिया, रायगढ़, रायपुर, राजनांदगांव, सक्ती, सूरजपुर और सरगुजा समेत कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। कांकेर और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में भी भारी बारिश की चेतावनी है।

मौसम विभाग ने बारिश के दौरान सड़कों पर फिसलन बढ़ने, जलजमाव से यातायात प्रभावित होने और दृश्यता कम होने की चेतावनी दी है। निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति बन सकती है, निचले पुलों पर पानी भरने से आवागमन बंद हो सकता है और खेतों के जलमग्न होने की भी आशंका है। इसलिए लोगों से अपील है कि मौसम खराब होने पर अनावश्यक यात्रा से बचें और जलभराव वाले इलाकों में विशेष सावधानी बरतें।