छत्तीसगढ़

दंतेवाड़ा में हुए नक्सली हमले के बाद सक्रिय हुई महाराष्ट्र की C-60 कमांडो, मारे गए तीन नक्सली

रायपुर। दंतेवाड़ा में हुए नक्सली हमले के बाद महाराष्ट्र बॉर्डर पर कमांडो और गढ़चिरौली पुलिस अलर्ट मोड पर हैं। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली के जंगल में नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में 3 नक्सली मारे गए हैं। मारे गए नक्सलियों पर 36 लाख रुपये का इनाम घोषित था। ये मुठभेड़ भामरा गढ़ तालुका में C-60 कमांडो और नक्सलियों के बीच हुई।

दरअसल पेट्रोलिंग टीम को नक्सलियों के होने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम जैसे ही मौके पर पहुंची तो नक्सलियों ने उन पर फायर किया। जवाबी फायरिंग में 3 नक्सली मारे गए। तीनों नक्सलियों पर अनुमानित तौर पर 36 लाख से ज्यादा का इनाम था। मुठभेड़ में 3 नक्सलियों के ढेर होते ही बाकी नक्सली अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। ये मुठभेड़ शाम 7 बजे के करीब हुई थी।
 

आपको बता दें कि जो नक्सली मारे गए हैं, उसमें एक नक्सली की पहचान बितालु मडावी के रूप में हुई है। ये नक्सली छात्र साईं नाथ नरोटे की हत्या का मास्टर माइंड था। दरअसल नक्सलियों ने 26 साल के एक छात्र साईं नाथ की 9 मार्च को गोली मारकर हत्या कर दी थी। छात्र पर पुलिस मुखबिरी का आरोप था। वह पुलिस में भर्ती होना चाहता था। हत्या के बाद नक्सलियों ने घटनास्थल पर एक पर्चा भी फेंका था।