छत्तीसगढ़

नाला पार करते समय गड्ढे में गिरे दो युवक, एक तेज बहाव में लापता

गरियाबंद। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच एक बड़ा हादसा सामने आया है। छुरा क्षेत्र के भैरव नवापारा नाला पार करते समय साइकिल सवार दो युवक पानी के तेज बहाव की चपेट में आकर गड्ढे में गिर गए। हादसे में एक युवक किसी तरह बाहर निकल आया, जबकि दूसरा युवक तेज बहाव में बहने के बाद से लापता है।

घटना की सूचना मिलते ही गरियाबंद एसडीआरएफ की टीम मौके के लिए रवाना हुई। लापता युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया जा रहा है। एसडीआरएफ की टीम द्वारा पानी में बहकर लापता हुए लोगों की तलाश के लिए करीब 14 किलोमीटर के क्षेत्र में 6 से 8 घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है।

24 घंटे में पानी में बहने की दूसरी घटना
गरियाबंद जिले में पिछले 24 घंटे के भीतर पानी में बहने की यह दूसरी घटना बताई जा रही है। इससे पहले कोपरा एनीकट में भी एक व्यक्ति पानी के तेज बहाव में बह गया था। उसकी तलाश में भी एसडीआरएफ की टीम ने करीब 14 किलोमीटर तक कई घंटे सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन अब तक उसका पता नहीं चल पाया है।

नदी-नाले उफान पर, प्रशासन ने जारी की अपील
लगातार बारिश के कारण जिले के नदी-नाले और एनीकट उफान पर हैं। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान पानी के तेज बहाव वाले नदी-नालों को पार करने का जोखिम बिल्कुल न उठाएं। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।