भारी बारिश के चलते धमतरी में 25 सितंबर को दी गई स्कूलों में छुट्टी
रायपुर। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए बड़ा निर्णय लिया है। जिले के सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त स्कूलों में 25 सितंबर को अवकाश घोषित किया गया है। लगातार हो रही बारिश के कारण छात्रहित में यह फैसला लिया गया है।
धमतरी जिले के स्कूलों में इस समय त्रैमासिक परीक्षाएं चल रही हैं। बारिश के कारण 25 सितंबर को घोषित अवकाश से परीक्षा कार्यक्रम प्रभावित होगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्थगित परीक्षा की अगली तारीख के संबंध में अलग से आदेश जारी किया जाएगा। विद्यार्थियों को नई तारीख की घोषणा का इंतजार करना होगा।
धमतरी जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण प्रमुख जलाशयों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। 25 सितंबर की सुबह 8 बजे तक गंगरेल 98.14 प्रतिशत, मुरुमसिल्ली 100 प्रतिशत, दुधावा 97.21 प्रतिशत और सोदूर 88.18 प्रतिशत भर चुका था। बढ़ती आवक को देखते हुए जलाशयों से नदी में पानी छोड़ा जा रहा है।
गंगरेल में 64,117 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है। जलाशय के 10 गेट खोलकर 54,950 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसमें 6,000 क्यूसेक पानी नहर और 48,950 क्यूसेक पानी महानदी में छोड़ा जा रहा है। मुरुमसिल्ली से 7,286 क्यूसेक, दुधावा से 16,606 क्यूसेक और सोदूर से 16,402 क्यूसेक पानी नदी में छोड़ा जा रहा है। आवक बढ़ने पर निकासी की मात्रा और बढ़ाई जा सकती है।