दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्‍ट्र मंडल में मराठी निबंध स्‍पर्धा 11 को

- तीन आयुवर्गों में होनी वाली प्रतियोगिता में निबंध लिखने के लिए दिए गए हैं तीन- तीन विषय

रायपुर। महाराष्‍ट्र मंडल की साहित्यिक समिति रविवार, 11 अक्‍टूबर को दोपहर 12 से दो बजे तक मराठी निबंध स्‍पर्धा आयोजित कर रही है। 12 वर्ष से अधिक उम्र वाले प्रतिभागी इसमें शामिल हो सकेंगे। तीन आयु वर्गों के होने वाली इस प्रतियोगिता को मुख्‍यत: बृहन्‍न महाराष्‍ट्र मंडल नई दिल्‍ली और राज्‍य मराठी विकास संस्‍था मुंबई आयोजित कर रही है। स्‍पर्धा में शामिल होने की अंतिम तिथि रविवार, चार अक्‍टूबर है।

साहित्यिक समिति की समन्‍वयक कुमुद लाड ने बताया कि मराठी निबंध स्‍पर्धा के लिए पहला आयु वर्ग 12 से 16 वर्ष का है। इनके लिए ‘विविध भारतीय भाषा प्रत्‍येक शालाओं में सिखाने का अवसर समय की आवश्‍यकता’, ‘मेरे पसंदीदा राष्‍ट्रीय व्‍यक्तित्‍व’ और ‘मैं मैदान बोल रहा हूं’ तय किया गया है। बच्‍चों की इस प्रतियोगिता में 150 से 500 शब्‍द सीमा तय की गई है। पहली बार निबंध स्‍पर्धा में किशोर वर्ग को शामिल तो किया ही गया है, साथ ही उन्‍हें स्‍वयं के लिखे निबंध को पढ़कर दिखाना भी है। इसके लिए किशोरों को अतिरिक्‍त बोनस अंक देने की व्‍यवस्‍था की गई है। मराठी निबंध स्‍पर्धा के लिए दूसरा आयु वर्ग 17 से 30 वर्ष का है। इनके लिए निबंध का विषय ‘गुम होती वृक्षों की छांव और रंगीन फूल-पंखुडियां’, ‘बढ़ते नवनिर्माण और पृथ्‍वी का संतुलन’, और ‘शालेय शिक्षा में सैनिक शिक्षा अनिवार्य’। निबंध की शब्‍द सीमा 500 से एक हजार शब्‍द निर्धारित है।

साहित्यिक समिति के पुरुष प्रमुख अभय भागवतकर ने जानकारी दी कि निबंध स्‍पर्धा में तीसरा आयु वर्ग 30 वर्ष से अधिक के प्रतिभागियों का है। इस वर्ग के लिए निबंध का विषय ‘नवाचार विकसित राष्‍ट्र की नींव’, ‘वृद्धाश्रम और पालनाघर दोनों समान हैं क्‍या’ और ‘युवा पीढ़ी के अहंकार और घरों में वरिष्‍ठों का गिरता मानसिक धैर्य’ है। तीनों में से एक विषय पर प्रतिभागियों को एक हजार से पांच हजार शब्‍द तक में निबंध‍ लिखना होगा। विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार के साथ प्रमाण पत्र भी दिए जाएंगे।