बिलासपुर के सहकारी बैंक में 3.38 लाख का फर्जीवाड़ा, बैंककर्मी समेत तीन गिरफ्तार
रायपुर। बिलासपुर के बिल्हा में सेवा सहकारी समिति और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में चेक से छेड़छाड़ कर 3 लाख 38 हजार रुपये के फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। जांच में बैंक कर्मचारियों और समिति के पदाधिकारी की मिलीभगत उजागर हुई है। मामले में पुलिस ने बैंक के दो कर्मचारियों समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मामला सेवा सहकारी समिति मर्यादित गुमा क्रमांक 63 का है। समिति के प्रस्ताव के अनुसार तीन चेकों से कुल 3 लाख 14 हजार 130 रुपये की राशि स्वीकृत हुई थी। आरोप है कि चेक में ओवरराइटिंग और कूटरचना कर स्वीकृत राशि बढ़ा दी गई और कुल 3 लाख 38 हजार रुपये का अतिरिक्त आहरण किया गया।
जांच में सामने आया कि बैंक के लेखापाल ऋषिकेश पाण्डेय ने कथित तौर पर कूटरचित चेक पास किए, जबकि कैशियर संजय सिंह बघेल ने चेक निरस्त करने के बजाय रकम निकालकर दी। वहीं समिति के प्राधिकृत अधिकारी एवं सह-अध्यक्ष राजकुमार बरगाह पर भी इस फर्जीवाड़े में संलिप्त होने का आरोप है।बिल्हा पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।