बिलासपुर: बिलासपुर के कुदुदंड स्थित चांदनी चौक में गुरुवार रात एक मकान में भीषण आग लग गई। रात करीब 8:40 बजे घर के सामने हिस्से में आग भड़क उठी। धुआं और आग की लपटों के बीच परिवार के सदस्यों ने किसी तरह बाहर निकलकर जान बचाई। पड़ोसियों ने बोर चालू कर पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। करीब 25 मिनट बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक घर का पूरा सामान जलकर खाक हो चुका था। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है।
कुदुदंड के चांदनी चौक निवासी राजेंद्र परिहार गुरुवार रात अपने परिवार के साथ घर पर थे। परिवार के सदस्य अपने काम में व्यस्त थे। रात करीब 8:40 बजे उन्हें धुएं की गंध आई। उन्हें लगा कि बाहर कचरे के ढेर में आग लगी होगी। इसलिए उन्होंने इस पर ध्यान नहीं दिया। कुछ देर बाद घर के सामने वाले हिस्से में आग की लपटें उठने लगीं। धुएं का गुबार देखकर पड़ोसियों ने शोर मचाया और राजेंद्र को घर में आग लगने की जानकारी दी। आग की लपटें तेज होने पर राजेंद्र परिवार के सदस्यों को लेकर किसी तरह घर से बाहर निकले। इस दौरान पड़ोसियों ने बोर चालू कर पानी डालना शुरू किया। साथ ही नगर सेना के दमकल विभाग को भी सूचना दी।
सूचना मिलने के करीब 25 मिनट बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने आग पर काबू पाया। पड़ोसियों ने भी पानी डालकर आग को आसपास के घरों तक फैलने से रोकने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि दमकल पहुंचने में और देरी होती तो आग आसपास के मकानों तक फैल सकती थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मकान के सामने वाले हिस्से से पहले चिंगारी निकली और धुआं उठने लगा। इसके बाद आग की लपटें तेज हो गईं। आशंका है कि बिजली की शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी के कारण आग लगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।