जंगली हाथी का तांडव, खेत में भाग रहे युवक को कुचला; बाल-बाल बची जान
रायपुर। सरगुजा जिले में जंगली हाथियों की मौजूदगी के बीच एक बार फिर हमले की घटना सामने आई है। बतौली क्षेत्र के ग्राम टिरंग में एक जंगली हाथी ने खेत में भाग रहे युवक को कुचल दिया। हाथी के हमले में युवक घायल हो गया, हालांकि गनीमत रही कि उसकी जान बच गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बता दें कि घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों की नजर जंगली हाथी पर पड़ी तो वहां अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान खेत के बीच से भाग रहे एक युवक को हाथी ने अपनी चपेट में ले लिया। वायरल वीडियो में हाथी युवक को कुचलता हुआ नजर आ रहा है। आसपास मौजूद लोग भी हाथी से बचने के लिए भागते दिखाई दे रहे हैं।
हाथी के हमले में घायल युवक को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। राहत की बात यह रही कि हमले के बावजूद उसकी जान बच गई। घटना सीतापुर वन परिक्षेत्र की बताई जा रही है। हालांकि, घटना के समय हाथियों की संख्या और हमले की परिस्थितियों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। इस घटना ने एक बार फिर हाथी प्रभावित इलाकों में ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।