छत्तीसगढ़

आलदंड के जंगल में नक्सलियों ने जवानों पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में जंगल की ओर भागे

 रायपुर। छत्‍तीसगढ़ के नक्‍सल प्रभावित कांकेर जिले में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ चल रही है। मिली जानकारी के अनुसार डीआरजी और बीएसएफ की संयुक्त टीम गश्त पर निकली थी। इसी दौरान जंगलों में घात लगा कर बैठे नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। मुठभेड़ छोटे बेठिया थाना क्षेत्र अंतर्गत आलदंड के जंगलों में हुई है। मुठभेड़ में एक महिला मारी गई है। घटनास्थल से महिला नक्सली का शव बरामद किया गया है।

 

जानकारी के अनुसार रविवार रात को जवानों की टीम जंगल में सर्चिंग कर लौट रहे थे, इसी दौरान आलदंड के जंगल में नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के जवाब में जवानों ने नक्सलियों पर जवाबी कार्रवाई की। जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली जंगल की ओर भागे खड़े हुए। मुठभेड़ अभी भी जारी है। बताया जा रहा है कि नक्सली जंगल में मौजूद है। मुठभेड़ में जवानों को कोई नुकसान नहीं हुआ है। आलदंड में चल रहे मुठभेड़ की पुष्टि बस्तर आईजी पी सुंदरराज ने की है।