छत्तीसगढ़ में भीषण ताप से अभी नहीं राहत... धरती और आसमान दोनों ही उगल रहे आग... मानसून आने में अभी है देर
2023-06-17 12:18 PM
233
रायपुर। इस साल भी नौतपा के दौरान तो लू का अहसास नहीं हुआ, लेकिन 2 जून को नौतपा खत्म होने के बाद से ही प्रदेश में लू के थपेड़ों ने जीना मुहाल कर दिया है। राजधानी से लेकर प्रदेश के हर इलाके में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। कांक्रीट के जंगल बन चुके शहरों में ऊपर से तो आग बरस ही रहा है, नीचे से भी उगलती आग दोहरी मार दे रहा है।
वर्तमान हालात को देखते हुए मौसम विभाग ने भीषण लू चलने की चेतावनी देते हुए 2 दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। शुक्रवार को सर्वाधिक तापमान 46.1 डिग्री सक्ति में दर्ज किया गया। रायपुर में अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री दर्ज किया गया। शनिवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
इधर, मौसम वैज्ञानिक जनकराम साहू का कहना है कि अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं होगा। उसके बाद दक्षिण छत्तीसगढ़ में 2 से 3 डिग्री की गिरावट संभावित है। छत्तीसगढ़ के सभी जिलों के एक-दो स्थानों पर लू चल सकती है। एक द्रोणिका उप हिमालयीन पश्चिम बंगाल से ओडिशा तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। जिसके प्रभाव से शनिवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं। इसके साथ ही प्रदेश के एक-दो स्थानों पर बादल गरजने के साथ ही आंधी भी चल सकती है।